भिवानी, 29 नवंबर
आज के दौर में जहां बढ़ता प्रदूषण इंसान की सेहत के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण को ही अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया है। भिवानी में भी एक ऐसी ही अनूठी पहल देखने को मिल रही है, जहां पर्यावरण संरक्षण के लिए न केवल हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं, बल्कि उन्हें बचाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस मुहिम में कबाड़ का इस्तेमाल कर ट्री गार्ड, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था और घोंसले तक तैयार किए जा रहे हैं।
10 हजार पौधों के रक्षक
भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक K.K. वर्मा पिछले पांच वर्षों से अपने साथियों के साथ इस अभियान में जुटे हुए हैं। उनका मानना है कि पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें बड़ा होने तक सुरक्षित रखना असली पर्यावरण सेवा है।के.के. वर्मा के लिए पौधे केवल हरियाली का साधन नहीं, बल्कि जीवन देने वाले परमात्मा के समान हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने पिछले पांच वर्षों से अपना जीवन पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया है। भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के माध्यम से वे अब तक 10 हजार से अधिक पौधे लगा चुके हैं।
कबाड़ से बने 600 ट्री गार्ड से बची हरियाली
खास बात यह है कि इन पौधों में 90 प्रतिशत से अधिक आज भी सुरक्षित हैं। समिति ने भिवानी में करीब 60 स्थानों पर पौधारोपण किया है और हर पौधे की देखभाल का रिकॉर्ड भी रखा है।इस अभियान की सबसे खास बात है कबाड़ से जुगाड़ की सोच। समिति बेकार पड़े सामान को उपयोगी बनाकर पर्यावरण संरक्षण में लगा रही है। अब तक करीब 600 ट्री गार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 100 ट्री गार्ड और तैयार रखे हैं।
पौधे से पेड़ तक की रखवाली
बड़े हो चुके पेड़ों पर लगे 400 से अधिक पुराने लोहे के ट्री गार्ड भी कटवाकर दोबारा इस्तेमाल में लाए गए हैं। कहीं कोई पौधा कमजोर या मरता हुआ दिखाई देता है तो समिति के सदस्य वहां ट्री गार्ड लगाकर उसकी सुरक्षा का इंतजाम करते हैं। समिति का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि हर पौधे को पेड़ बनने तक बचाना है।
फलदार-छायादार पौधों को प्राथमिकता
समिति पौधारोपण के दौरान फलदार, छायादार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता देती है। नीम, पीपल और बरगद जैसे पौधों के साथ ऐसे पौधे लगाए जा रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को फल, छाया और प्राकृतिक वातावरण का लाभ दे सकें। पिछले साल समिति ने अपनी ही नर्सरी में करीब तीन हजार पौधे तैयार किए और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में लोगों को वितरित किए। लेकिन पौधे देने के साथ लोगों से उनकी देखभाल और उन्हें जीवित रखने का संकल्प भी लिया जाता है।
पक्षियों के लिए भी दाना-पानी का इंतजाम
पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में K.K. वर्मा ने पक्षियों का भी खास ख्याल रखा है। गर्मी और बदलते मौसम में पक्षियों को दाना-पानी उपलब्ध करवाने के लिए पुराने टीन, मिट्टी के मटके और लकड़ी से अलग-अलग तरह के इंतजाम तैयार किए जा रहे हैं। पार्कों में तीन बाई तीन फुट के विशेष प्लेटफार्म लगाए जा रहे हैं, जिन पर पक्षियों के लिए दाना और पानी रखा जाता है। समिति अब तक ऐसे करीब 50 प्लेटफार्म तैयार कर चुकी है। इसके अलावा हजारों घोंसले भी बनाकर पार्कों और अन्य स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, ताकि पक्षियों को सुरक्षित आशियाना मिल सके।
K.K. वर्मा का पर्यावरण संदेश
K.K. वर्मा का कहना है कि आज महानगरों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति तक पहुंच चुका है और कई शहर गैस चैंबर बनते जा रहे हैं। ऐसे में केवल सरकार या प्रशासन के भरोसे बैठने से काम नहीं चलेगा। हर परिवार को अपने सदस्यों की संख्या के बराबर पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। उनका मानना है कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।
स्वच्छ हवा आने वाली पीढ़ी का अधिकार
भिवानी के K.K.वर्मा और उनकी टीम की यह पहल समाज के लिए एक बड़ा संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण केवल भाषणों और पौधारोपण कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए। कबाड़ से उपयोगी सामान तैयार करना, पौधों को सुरक्षित रखना और बेजुबान पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना भी प्रकृति की सेवा है। जरूरत है कि समाज का हर व्यक्ति इस मुहिम से जुड़े, क्योंकि स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों का अधिकार भी है और हमारी जिम्मेदारी भी है।



