जींद, 28 नवंबर
हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जिला मुख्यालय जींद मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय 32वीं खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस खेल महाकुंभ में करीब एक हजार खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।
मंत्री ने खेला शूटिंग-बैडमिंटन
उद्घाटन समारोह के बाद खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मैदान में उतरकर स्वयं शूटिंग और बैडमिंटन में हाथ आजमाया। उनके इस कदम से खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और तालियों की गूंज के बीच प्रतिभागियों की हौसला अफजाई हुई।समारोह को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री ने विद्यार्थियों को अपना छोटा भाई-बहन बताते हुए कहा कि हरियाणा की खेल संस्कृति देश में मिसाल है और जींद को प्रदेश का दिल कहा जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, धैर्य और जुनून के साथ आगे बढ़ने का मंत्र दिया तथा कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर युवा अपने परिवार, क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करें।
खेलों से ही होगा राष्ट्र निर्माण
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित रूप से ऐसे खेल आयोजनों के जरिए शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देना सराहनीय कदम है। गौरव गौतम ने कहा कि खेल ही वह माध्यम है, जो युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से सुरक्षित रख सकता है।विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि राष्ट्र निर्माण के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना सबसे पहली शर्त है।
चुनौतियों से डटकर लड़ो: गौरव गौतम
मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे भविष्य की चुनौतियों का डटकर सामना करें, लेकिन ऐसा कोई कार्य न करें जिससे परिवार या क्षेत्र की छवि धूमिल हो। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ मुखर होकर राष्ट्रवादी ताकतों के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प दिलाया। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताया।
अन्य खबरें जानें –
DAY 311 OF GANGSTRAN TE VAAR: PUNJAB POLICE CONDUCTS 517 RAIDS; 145 HELD



