Crackdown on tobacco in Bhiwani: रेलवे स्टेशन पर छापेमारी, 61 चालान कटे, कोटपा एक्ट के तहत स्वास्थ्य विभाग सख्त

भिवानी, 27 नवंबर भिवानी में तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के तहत…

भिवानी

भिवानी, 27 नवंबर

भिवानी में तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास दुकानों पर छापेमारी कर कोटपा एक्ट 2003 के तहत चालान काटे। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने, तंबाकू का खुले में विज्ञापन करने और नियमों के विरुद्ध बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 तेज

विभाग के अनुसार अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 61 चालान काटे जा चुके हैं। वहीं, आने वाले दिनों में बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी।बता दें कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 अगस्त से 28 दिसंबर तक टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन के आसपास दुकानों की जांच की गई। इस दौरान खुले में तंबाकू का विज्ञापन करने, सिगरेट के खुले पैकेट बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से जुड़े नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई

नोडल ऑफिसर डॉ. पूजा ने बताया कि कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर न्यूनतम 200 रुपये का चालान किया जाता है। वहीं धारा 6A और 6B के तहत तंबाकू के विज्ञापन पर प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।

स्कूलों के 100 गज में नहीं बिकेगा तंबाकू

डॉ. पूजा ने बताया कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान बनाने के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शिक्षण संस्थानों के 100 गज यानी करीब 91 मीटर के दायरे में तंबाकू की बिक्री नहीं होनी चाहिए। संस्थानों के अंदर तंबाकू का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा प्रत्येक शिक्षण संस्थान के बाहर टोबैको फ्री एरिया का बोर्ड लगाना और तंबाकू मॉनिटर व एंबेसडर नियुक्त करना भी जरूरी है। विभाग द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए रैलियां, हेल्थ टॉक और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

स्कूल-कॉलेज में जागरूकता अभियान

सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों, ITI सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को गुटखा, जर्दा और अन्य तंबाकू उत्पादों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के बाहर दुकानदारों को पहले भी समझाया जा चुका है कि तंबाकू उत्पादों को खुले में प्रदर्शित न करें। आने वाले दिनों में बस स्टैंड, लघु सचिवालय और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार के खिलाफ भी DCO के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें जानें –

Mawan Dheeyan Satkar Yojna Beneficiaries Share Their Stories From Stage in Moga, Thank CM Bhagwant Singh Mann for Financial Support

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *