Punjab accident news: जलालाबाद में बड़ा हादसा हो गया है. फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर गांव पीर मोहम्मद के पास छबील पीने के लिए सड़क पर खड़े दंपति को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी. हादसे में महिला के हाथ से 10 माह का बच्चा गिर गया. इसी दौरान बस का टायर बच्चे के ऊपर चढ़ गया और उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इस मौके पर बच्चे के पिता पाला सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ साइकिल पर गांव पंजे से फतेहगढ़ लौट रहे थे कि रास्ते में भीषण गर्मी के कारण वह गांव पीर मुहम्मद के बस स्टैंड के पास छबील पीने के लिए रुके. इसी दौरान पीछे से आ रही पंजाब रोडवेज की बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 10 माह का बच्चा सुखचन उसकी पत्नी के हाथ से गिरकर नीचे गिर गया। बस के टायर नीचे आने से उसकी मौत हो गई, हालांकि दोनों को चोटें आईं, जबकि बच्चे की मां की भी तबीयत बिगड़ गई.
पुलिस अधिकारी मुख्तियार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को जब्त कर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. आरोपी बस चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

