गुरुग्राम, 23 नवंबर
हरियाणा में युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नायब सैनी सरकार अपनी खेल नीति को सबसे बड़े हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान हरियाणा के कृषि मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार ने प्रदेश भर में विभिन्न खेलों की 2,000 नर्सरियां स्थापित की हैं, जिसका परिणाम है कि आज गांवों के खेल मैदानों में 200 से 250 युवा रोजाना अभ्यास करते नजर आते हैं।
खेल नीति की बदौलत छाया हरियाणा
मंत्री ने बताया कि सरकार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़ नकद व क्लास-वन की नौकरी, रजत विजेता को 4 करोड़ और कांस्य विजेता को 2.5 करोड़ की राशि देती है। इसी नीति की बदौलत एशियन गेम्स में देश के कुल 87 पदकों में से 50 प्रतिशत मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते, जिन्हें सरकार की ओर से 3-3 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी गई।
नशा चाहे कहीं से आए, मिलेगा कड़ा दंड
गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों या अन्य राज्यों से नशा आने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी को रोकने के लिए हरियाणा सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नशा चाहे किसी भी राज्य से या हरियाणा में ही कोई इस प्रकार की तस्करी में संलिप्त पाया जाए, सरकार द्वारा बनाए गए सख्त कानूनों के तहत दोषियों को कड़ा दंड दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जब ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल के माध्यम से सम्मानजनक पुरस्कार और सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा, तो वे स्वतः ही नशे से दूर रहेंगे।
भारत की अर्थव्यवस्था की दुनिया में धाक
केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने सुरक्षा, धार्मिक और आर्थिक तीनों मोर्चों पर ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जो आज चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
अनुच्छेद 370 को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक फैसलों के साथ-साथ देश सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद मजबूत हुआ है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि भारतीय सेना में हर दसवां जवान हरियाणा से है और पहले जो देश मशीन गन व तोपें आयात करता था, वह आज मेक इन इंडिया के तहत दूसरे देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।
अन्य खबरें जानें –
Palwal Police ने चलाया स्कूलों में जागरूकता अभियान, स्कूली बच्चों को सिखाया गुड टच-बैड टच



