पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

हरियाणा : हरियाणा की राजनीति के वरिष्ठ चेहरे, पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहे चौधरी फूल चंद मुलाना…

हरियाणा : हरियाणा की राजनीति के वरिष्ठ चेहरे, पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहे चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। उनका इलाज मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।

सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद चौधरी फूल चंद मुलाना पंचकूला स्थित अपने आवास में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए पिता के निधन की दुखद सूचना साझा की। उनका अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 11 बजे अंबाला के सेक्टर-7 स्थित में किया जाएगा।

वकालत से राजनीति तक

चौधरी फूल चंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को यमुनानगर जिले के मिल्कखास गांव में हुआ था। उन्होंने कला संकाय में स्नातक करने के बाद कानून की पढ़ाई की और वकालत के पेशे से जुड़े। इसके बाद वे सक्रिय राजनीति में आए और 1972 में कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने।

उनका राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। 1977 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जबकि 1982 में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। 1987 के चुनाव में हार के बाद उन्होंने 1991 में कांग्रेस के टिकट पर वापसी की और तीसरी बार विधायक चुने गए। 1996 और 2000 में मिली हार के बाद 2005 में उन्होंने चौथी बार मुलाना से जीत हासिल की और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।

सबसे लंबे समय तक संभाली हरियाणा कांग्रेस की कमान

फूल चंद मुलाना के नाम हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहने का कीर्तिमान दर्ज है। अगस्त 2007 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया और उन्होंने लगभग साढ़े छह साल तक पार्टी की बागडोर संभाली। उनके कार्यकाल के दौरान हुए 2009 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोबारा सत्ता में वापसी की थी। बाद में फरवरी 2014 में अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

राजनीतिक और प्रशासनिक विरासत संभाल रहा परिवार

चौधरी फूल चंद मुलाना का परिवार राजनीति और प्रशासनिक सेवाओं में सक्रिय है। उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि उनकी बहू पूजा चौधरी मुलाना विधानसभा सीट से विधायक हैं। वहीं उनकी बेटी कल्पना कटारिया भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी हैं और दामाद राजेंद्र कटारिया वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं।

अन्य खबरें जानें –

 हांसी में दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव का आगाज: विधायक विनोद भयाना ने किया शुभारंभ, हरियाणवी संस्कृति की छटा ने मोहा मन

समाचार अपडेट के लिए ‘लिविंग इंडिया न्यूज़‘ के साथ 24/7 लाइव जुड़े रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *