Major action by ACB in Bhiwani : 2200 रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

भिवानी, 17 नवंबर हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भिवानी विजिलेंस की टीम…

भिवानी

भिवानी, 17 नवंबर

हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भिवानी विजिलेंस की टीम ने तोशाम तहसील में तैनात एक पटवारी को 2 हजार 200 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता के पिता की मृत्यु के बाद विरासत का इंतकाल दर्ज करवाने, मंजूर करवाने और उसकी सत्यापित प्रति देने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपी इससे पहले भी शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपये ले चुका था।

विरासत इंतकाल के बदले रिश्वत

शिकयतकर्ता ने इसकी शिकायत ACB की टीम दी। ACB की टीम ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार पटवारी की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो तोशाम तहसील के दरियापुर हलके में तैनात था। शिकायतकर्ता के पिता का निधन होने के बाद उनकी संपत्ति का विरासत इंतकाल दर्ज करवाना था। आरोप है कि इस काम को पूरा करने और इंतकाल की सत्यापित प्रति उपलब्ध करवाने के बदले पटवारी ने रिश्वत की मांग की थी।

2200 रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पटवारी पहले ही उससे 2 हजार रुपये ले चुका था और अब 2 हजार 200 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर ACB की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजपत्रित अधिकारी और छाया गवाह की मौजूदगी में जाल बिछाया। जैसे ही पटवारी ने 2 हजार 200 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।शिकायतकर्ता की शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए ‘सतर्क‘ ऐप लॉन्च

ACB अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो लोग बिना डर के इसकी शिकायत करें। भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा दो महीने पहले ‘सतर्क‘ नाम से एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप के माध्यम से शिकायतकर्ता संबंधित जिले का चयन करके वहां तैनात विजिलेंस अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर और विजिलेंस कार्यालय की गूगल लोकेशन प्राप्त कर सकता है’सतर्क’ ऐप के माध्यम से आम नागरिक आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

अन्य खबरें जानें –

Panchkula में घर की सहायिका ही निकली चोर, आरोपी महिला गिरफ्तार, 10 लाख के गहने बरामद

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *