करनाल, 15 नवंबर
करनाल में पुलिस कस्टडी के दौरान जितेंद्र नाम के युवक की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए CIA-2 के इंचार्ज प्रवीण समेत तीन पुलिसकर्मियों संदीप और राजिंदर को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस विभाग द्वारा तीन अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। युवक की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की हर पहलू की जांच जारी है।
पुलिसकर्मी को गोली लगने से बढ़ा तनाव
मामला उस समय ओर गंभीर हो गया, जब युवक की मौत के बाद एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी। पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।एक तरफ जहां पुलिस हिरासत में युवक की मौत और दूसरी तरफ पुलिसकर्मी को गोली लगना दोनों ही घटनाओं ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है।
जितेंद्र के परिजनों ने नहीं किया अंतिम संस्कार
जितेंद्र के परिवार का कहना है कि जितेंद्र के शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड द्वारा करवाया गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद परिवार ने अभी तक युवक का अंतिम संस्कार नहीं किया है। शव करनाल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है। परिजन अपनी कुछ अन्य मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। परिवार की मांगों और इस मामले में आगे होने वाली कार्रवाई पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
कस्टडी में मौत की मजिस्ट्रेट जांच जारी
बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हालांकि, पुलिस कस्टडी में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस दौरान क्या घटनाक्रम रहा, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरें जानें –



