झज्जर, 5 नवंबर
झज्जर में कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि कांग्रेस अब गांव-गांव की चौपालों में पहुंचकर लोगों के बीच कथित वोट चोरी के मुद्दे की पोल खोलेगी और जनता को इस पूरे मामले से अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
वोट चोरी अब देश की लड़ाई
विधायक कुलदीप वत्स ने झज्जर के गांव हसनपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही। वत्स ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली का जिक्र करते हुए कहा कि रैली में उमड़े जनसमूह ने स्पष्ट कर दिया है कि वोट चोरी का मुद्दा अब केवल कांग्रेस पार्टी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पूरे देश की लड़ाई बन चुका है।
लोकतंत्र बचाने की लड़ाई
कांग्रेस विधायक ने कहा कि राहुल गांधी बिना डरे, बिना थके और बिना झुके वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका संघर्ष लोकतंत्र को बचाने और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए है। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों पर सबूत मांगने वालों को जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस एक बार नहीं, बल्कि कई बार इस संबंध में सबूत और तथ्य सार्वजनिक कर चुकी है।
संवैधानिक पद पर जवाबदेही जरूरी
इसके बावजूद सवाल उठाना राजनीतिक मुद्दे को भटकाने का प्रयास है।वत्स ने कहा कि पूरे देश में इस मामले को लेकर एक ही मांग उठ रही है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनका इस्तीफा लिया जाए। उन्होंने गिरफ्तारी की मांग भी उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की जवाबदेही से इनकार नहीं किया जा सकता।
अन्य खबरें जानें –



