Panchkula में त्रिशूल गैंग का हथियार सप्लायर गिरफ्तार, दूसरा करनाल से पकड़ा, पिस्तौल-कारतूस बरामद

पंचकुला, 31 अक्टूबर हरियाणा में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के नेटवर्क के खिलाफ STF अंबाला की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार…

पंचकुला

पंचकुला, 31 अक्टूबर

हरियाणा में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के नेटवर्क के खिलाफ STF अंबाला की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के तार गैंग से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने का आरोप है। एक आरोपी पंचकूला के गांव मौली का रहने वाला है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश का निवासी है और फिलहाल करनाल में किराए पर रह रहा था। आरोपियों के पास से अवैध पिस्तौल और चार कारतूस बरामद हुए हैं।

32 बोर पिस्तौल समेत बदमाश गिरफ्तार

STF ने 26 अक्टूबर को गांव मौली निवासी रेशव उर्फ सुदामा पुत्र वेदपाल को गांव मौली के राजस्व क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर का एक अवैध देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। शुरूआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर त्रिशूल गैंग के लिए अवैध हथियार सप्लाई करने और फायरिंग की वारदातों में शामिल होने की बात बताई है। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुररानी में FIR नंबर 136, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को BNS की धारा 111(3), 111(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

करनाल से विदेशी गैंग का OGW गिरफ्तार

STF अंबाला ने दूसरी कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर को साहिल पुत्र आजाद को करनाल जिले के गांव समाना बाहू के राजस्व क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से गांव मिर्जापुर, विंध्याचल, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल गांव समाना बाहू में किराए पर रह रहा था। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।STF के अनुसार, शुरूआती पूछताछ में साहिल ने कथित तौर पर विदेश से संचालित होने वाले एक गैंग के लिए ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) के रूप में काम करने की बात बताई है। उस पर रामपाल आश्रम में आग लगने की घटना से संबंधित पोस्ट इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का भी आरोप है।

दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी

जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि आरोपी गैंग के सदस्यों के लिए हथियार और गोला-बारूद की व्यवस्था करने और सप्लाई करने में अहम भूमिका निभा रहा था।रेशव के खिलाफ पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहल STF दोनों आरोपियों से जुड़े आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है। रेशव से अवैध हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है, जबकि साहिल के जरिए गैंग के अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

अन्य खबरें जानें –

पलवल में ‘Run for Unity’ का आजोजन, मंत्री गौरव गौतम ने दिखाई हरी झंडी, एकता का दिया संदेश

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *