पलवल, 31 अक्टूबर
भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर पलवल में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ को हरी झंडी दिखाई। हुड्डा सेक्टर-2 से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में यह दौड़ आयोजित की गई।जिसमें युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियो ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
मंत्री गौरव गौतम ने दिलाया एकता का संकल्प
इस अवसर पर आयोजित समारोह में हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने उपस्थित लोगों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता को मजबूत करने का संकल्प दिलाया। समारोह में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके आदर्शों और स्वतंत्र भारत के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
एकता से ही होगा देश मजबूत
खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य साहस के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सरदार पटेल ने यह साबित किया कि जब देशवासी एकजुट होकर किसी लक्ष्य के लिए आगे बढ़ते हैं तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।
रन फॉर यूनिटी एकता का प्रतीक
गौरव गौतम ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, भाईचारे और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत की विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति, वेशभूषा और परंपराओं के बावजूद हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता से ही एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
अन्य खबरें जानें –
Kaithal में हर्षोल्लास से मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, एकता और अखंडता का दिया संदेश



