Karnal की राइस मिल से चावल चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो मुनीम समेत ट्रक मालिक को किया गिरफ्तार

करनाल , 27 अक्टूबर करनाल में राइस मिल से चावल चोरी कर बाजार में बेचने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। थाना सदर…

Karnal

करनाल , 27 अक्टूबर

करनाल में राइस मिल से चावल चोरी कर बाजार में बेचने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मिल में काम करने वाले दो मुनीम ट्रक मालिक के साथ मिलकर चावल चोरी करने के खेल में शामिल थे। ट्रकों में अतिरिक्त चावल के कट्टे लोड किए जाते और रास्ते में उतारकर उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों के दुकानदारों को बेच दिया जाता था। यह खेल करीब एक साल से चल रहा था और इस दौरान लाखों रुपये के चावल बेचे गए।

मिल संचालक ने की शिकायत

मामला मोहदीनपुर गांव के क्षेत्र में स्थित ग्रीन फील्ड पूरे इंडिया नामक राइस मिल का है। मिल संचालक अमित भैया की शिकायत के मुताबिक, यहां बासमती धान की मिलिंग कर चावल तैयार किए जाते हैं और ट्रकों के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाए जाते हैं। पिछले कुछ समय से उन्हें शिकायतें और ऐसी जानकारियां मिल रही थीं कि मिल से ट्रकों में चावल अधिक लोड किए जा रहे हैं, लेकिन ग्राहकों तक पहुंचने वाली मात्रा कम निकल रही है। इसी अंतर ने मिल संचालक का शक बढ़ाया और मामले की जांच शुरू हुई।

ट्रक मालिक के साथ मिलकर करते थे हेराफेरी

शिकायत के अनुसार, मिल संचालक ने विकास नगर निवासी सुशील को करीब चार साल पहले और छपरा खेड़ा निवासी अंकुश को करीब दो साल पहले मुनीम के तौर पर नौकरी पर रखा था। चावल की लोडिंग और ग्राहकों तक सप्लाई में सामने आ रही गड़बड़ी के बाद दोनों कर्मचारियों पर संदेह गहराया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर ट्रक मालिक अरायपुरा निवासी अजीत के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

तरावड़ी-अंबाला में बेचते थे चोरी का माल

पुलिस जांच अधिकारी विजय कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चावल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, ट्रकों में अतिरिक्त कट्टे लोड किए जाते थे और रास्ते में इन कट्टों को उतारकर तरावड़ी, अंबाला समेत अन्य क्षेत्रों में दुकानदारों को बेच दिया जाता था। इस तरह मिल से निकलने वाले चावल का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचने के बजाय कथित तौर पर बाजार में बेच दिया जाता था। पुलिस अब चोरी किए गए चावल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर 24 अक्टूबर को थाना सदर करनाल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने अजीत और सुशील को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि अंकुश को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी किए गए चावल की बरामदगी के साथ-साथ यह भी पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

अन्य खबरें जानें-

Amritsar में अवैध हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 16 पिस्तौलें, जिंदा कारतूस और चोरी की एक्टिवा समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *