अंबाला, 26 अक्टूबर
अंबाला में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक रिहायशी इलाके में कार के बोनट में करीब आठ फुट लंबा अजगर छिपा हुआ था। अजगर को देखकर लोगों में दहशत फैल गई।लोगों ने तुरंत इस मामले की सूचना वन्य रक्षा विभाग के इंस्पेक्टर को दी गई। इसके बाद विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
तीन घंटे बाद सुरक्षित रेस्क्यू हुआ अजगर
अजगर कार के बोनट और पहिए के आसपास इस तरह फंसा हुआ था, उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। वन्य रक्षा विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक कार का बोनट और पहिया खोला। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वन्य रक्षा विभाग के अनुसार, अजगर की इस क्षेत्र में मौजूदगी सामान्य नहीं मानी जा रही है।
आशंका जताई जा रही है कि यह अजगर किसी पहाड़ी क्षेत्र से अंबाला पहुंचा होगा। जानकारी के मुताबिक, बीते रोज ही हिमाचल प्रदेश के शिमला से आई एक कार भी घटनास्थल के पास खड़ी थी। ऐसे में अंदेशा है कि अजगर उसी कार से लिपटकर अंबाला पहुंचा हो।
अन्य खबरें जानें-
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन ने आम जनता से अज्ञात शव की पहचान में मांगी मदद



