किसानों को 24 घंटे में फसल का भुगतान किया जा रहा है: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

राजपुरा; 23 अक्टूबर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राजपुरा मंडी में खरीद प्रबंधों का जायजा लेते हुए कहा कि पंजाब में धान की खरीद…

राजपुरा; 23 अक्टूबर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राजपुरा मंडी में खरीद प्रबंधों का जायजा लेते हुए कहा कि पंजाब में धान की खरीद निर्विघ्न चल रही है। किसानों को 24 घंटे के अंदर भुगतान किया जा रहा है, अनाज की ढुलाई के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं और सरकार मंडियों में फसल के भंडारण के लिए जरूरी जगह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। किसानों, आढ़तियों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से सभी अहम मसले हल कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि धान की अच्छी पैदावार किसानों के लिए दिवाली को और खुशहाल बनाएगी। उन्होंने कहा कि हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने से जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ेगी और भूजल की बचत होगी।

इस दौरे का एक वीडियो साझा करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा: “पंजाब के किसान भाइयों की दिन-रात की अथक मेहनत आज अधिक पैदावार और बेहतर आमदनी के रूप में रंग ला रही है। खेतों से लेकर मंडियों तक, आपकी अपनी सरकार हर कदम पर आपके कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, ताकि आपको आपकी फसल का पूरा मूल्य मिल सके। हमारे किसानों की खुशहाली ही पंजाब की तरक्की है।”

खरीद प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए अनाज मंडी का दौरा करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि गुरुवार तक सूबे भर की मंडियों में 62.07 लाख मीट्रिक टन धान की आमद हुई है, जिसमें से 60.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है और किसानों को 12,969.01 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा, “जहां भी धान पहुंचा है, वहां बिना किसी देरी के उसकी खरीद की गई है, जिससे किसानों को बहुत फायदा हुआ है। यह बेहद गर्व और संतोष की बात है कि सभी संबंधित पक्ष खुश हैं और किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है। सारी प्रक्रिया बहुत सुचारू ढंग से चल रही है, जिसमें शामिल सभी पक्षों के बीच शानदार तालमेल, आपसी समझ और भरोसा कायम है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस साल धान सूखा है और फसल की पैदावार भी उत्साहजनक रही है। फरीदकोट, संगरूर और गुरदासपुर जैसे इलाकों में बासमती की पैदावार बहुत अच्छी रही है। बासमती की खेती करने वाले किसानों को बहुत अच्छे भाव मिल रहे हैं और वे अधिक पैदावार से बहुत खुश हैं, जिससे उनकी आमदनी में भी चोखा वृद्धि हो रही है।”

नहरी सिंचाई के महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “नहरी पानी फसलों के लिए देसी घी की तरह है। यह अपने साथ जरूरी पोषक तत्व और उपजाऊ मिट्टी लाता है, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले सालों में पंजाब की जमीन की उपजाऊ शक्ति में और सुधार होगा।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, “इस साल कम बारिश होने के बावजूद, भूजल का उपयोग कम हुआ है क्योंकि नहरी पानी जरूरी मात्रा में उपलब्ध करवाया गया है। यह बहुत गर्व की बात है कि पंजाब अपने भूजल के कीमती संसाधनों का संरक्षण कर रहा है।”

अनाज मंडी के दौरे के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं अक्सर राजपुरा अनाज मंडी का दौरा करता रहता हूं। आज मुझे पटियाला जाना था, लेकिन यहां के प्रबंधों का जायजा लेने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी को कोई दिक्कत तो पेश नहीं आ रही, मैंने यहां रुकने का फैसला किया।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “24 घंटे के अंदर-अंदर अदायगी की जा रही है और नकद कर्जा सीमा (सीसीएल) तहत फंड प्राप्त हो चुके हैं। सूबा सरकार, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और अन्य अथॉरिटीज के साथ लगातार संपर्क में है ताकि राइस मिलों के भंडारण के लिए जगह संबंधी किसी भी समस्या को हल किया जा सके।”

उन्होंने आगे बताया कि पंजाब से अनाज की ढुलाई को आसान बनाने और खरीद प्रक्रिया को सुचारू ढंग से जारी रखने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं।

दिवाली के त्योहार के प्रति आस जताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह दिवाली पंजाब के किसानों, आढ़तियों, राइस मिल मालिकों और ट्रांसपोर्टरों के लिए खास तौर पर खुशियां लेकर आएगी। सभी पक्ष आपसी तालमेल से काम कर रहे हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि यह त्योहार सभी के लिए खुशहाली लेकर आएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *