चंबा, 19 अक्टूबर
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र की जसौरगढ़ पंचायत के राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला (GCPS) मांजू में विदाई का यह पल गुरु-शिष्य के रिश्ते की गहराई दिखा गया। स्कूल की कक्षा में बच्चों को पढ़ाते हुए 19 साल कब बीत गए, शायद शिक्षक नरेंद्र खन्ना को भी इसका अहसास नहीं हुआ होगा, लेकिन जब मांजू स्कूल से विदा होने का समय आया तो विद्यार्थियों के आंसुओं ने उनके साथ बिताए वर्षों की कहानी बयां कर दी।कोई गुरुजी से लिपटकर रो पड़ा तो किसी की आंखें उन्हें जाते देख नम हो गईं।
नरेंद्र खन्ना ने इस पाठशाला में 19 वर्षों तक कनिष्ठ अध्यापक के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने न जाने कितने बच्चों को अक्षर ज्ञान देने के साथ उनके भविष्य की नींव मजबूत करने में योगदान दिया। लंबे समय तक एक ही विद्यालय में रहने से विद्यार्थियों और ग्रामीणों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव बन गया। ऐसे में उनके तबादले की खबर बच्चों के लिए भावुक कर देने वाली रही। विदाई के दौरान विद्यार्थियों का स्नेह देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
नरेंद्र का स्थानांतरण GCPS मांजू से GCPS जसौरगढ़ में हुआ है। उन्होंने कहा कि मांजू में बिताए 19 साल उनके जीवन की अनमोल यादों में शामिल रहेंगे। गांववासियों से मिला प्यार, स्नेह और आशीर्वाद वह हमेशा याद रखेंगे। पाठशाला के लिए ग्रामीणों की ओर से मिले सहयोग और बच्चों के निस्वार्थ प्रेम को कभी नहीं भूल पाएंगे।
अन्य खबरें जानें –
Nuh में कोली समाज का जागरूकता सम्मेलन, एकता और शिक्षा पर दिया जोर, उमड़ा जनसैलाब



