नरवाना, 16 अक्टूबर
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने नरवाना की नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर मंडी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों की धान MSP पर खरीदी जाए और निर्धारित समय में भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचे।
हर मंडी में सुविधाएं सुनिश्चित करें अधिकारी – कृषि मंत्री
कृषि मंत्री ने मंडियों में शेड, सीसी सड़क और अन्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की फसल को सुरक्षित रखने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने खाद की उपलब्धता पर कहा कि मेरी फसल–मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।मंत्री ने यह भी कहा कि वह स्वयं खेती करते हैं और किसानों की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने अधिकारियों को मंडियों में बारदाना, स्वच्छ पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
किसानों से मिले कृषि मंत्री ने सुनी समस्याएं
दौरे के दौरान कृषि मंत्री ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि धान के उठान में संतुलन बनाए रखने के लिए उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं। मिलर्स और ट्रांसपोर्टरों से भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वाहन लगाने को कहा गया है, ताकि मंडियों से धान का उठान तेजी से हो और नई फसल लेकर आने वाले किसानों को जगह की कमी का सामना न करना पड़े। अब देखना होगा कि इन निर्देशों के बाद मंडियों में खरीद और उठान की व्यवस्था कितनी तेजी से सुधरती है।
अन्य खबरें जानें-
हरियाणा-स्वीडन के बीच बढ़ेंगे व्यापारिक संबंध, ₹4000 करोड़ के LOI पर साइन



