करनाल, 16 अक्टूबर
करनाल में कृषि क्षेत्र में नए अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और नवाचारों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की ओर से ‘इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव-2026’ (ESTIC-2026) को लेकर विशेष कर्टेन-रेज़र कार्यक्रम एवं मीडिया संवाद का आयोजन किया गया।
डॉ. ML जाट ने साझा किए कृषि के अहम मुद्दे
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. M.L. जाट, सचिव (DARE) एवं महानिदेशक (ICAR) ने कृषि अनुसंधान, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन, डिजिटल एग्रीकल्चर और किसानों की आय बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर विचार साझा किए। डॉ. M.L. जाट ने कहा कि किसानों के चेहरों पर खुशी देखना उनके लिए भगवान के प्रसाद के समान है। किसानों की संतुष्टि और उनके सकारात्मक अनुभव ही कृषि अनुसंधान को आगे बढ़ाने की ऊर्जा देते हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे अनुसंधान का वास्तविक लाभ तभी है, जब उससे किसानों की समस्याएं दूर हों, उनकी फसल का उत्पादन बढ़े और उनकी आमदनी में इजाफा हो।
बिजनौर-मेरठ-शामली के किसानों ने साझा किए अनुभव
करनाल में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मेरठ और शामली सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे गन्ना किसानों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नई गन्ना किस्म को लेकर किसानों का फीडबैक उत्साहजनक है। करनाल स्थित गन्ना अनुसंधान केंद्र के विशेषज्ञों ने इस दिशा में सराहनीय काम किया है और गन्ने की अन्य उन्नत किस्मों पर भी अनुसंधान जारी है।
किसानों से इंटरक्रॉपिंग अपनाने की अपील
रबी सीजन की शुरुआत के साथ डॉ. जाट ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दलहन और तिलहन की खेती देश की कृषि जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से गन्ना उत्पादक किसान गन्ने के साथ खाली जगह का उपयोग करते हुए दलहन और तिलहन की फसलें उगा सकते हैं। कई किसान पहले से ही चना, सरसों, गेहूं, लहसुन और प्याज जैसी फसलों को अंतरवर्तीय खेती यानी इंटरक्रॉपिंग के माध्यम से उगा रहे हैं। दूसरे किसान भी इस तकनीक को अपनाकर एक ही खेत से अतिरिक्त उत्पादन और आमदनी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दलहन और तिलहन की खेती मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में भी सहायक होती है।
अन्य खबरें जानें-



