कुरुक्षेत्र, 9 अक्टूबर
कुरुक्षेत्र सब्जी मंडी में धान की फसल डालने की समस्या को लेकर आढ़तियों का गुस्सा फूट पड़ा। आढ़तियों ने मंडी पर ताला लगाकर सड़क जाम कर दिया और अपनी नाराजगी जाहिर की। आढ़तियों का आरोप है कि सब्जी मंडी में किसानों और अनाज मंडी के आढ़तियों की ओर से धान की फसल भर दी गई है, जिसके चलते सब्जी बेचने और खरीदने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवाज उठाने पर धमकी का आरोप
सब्जी मंडी आढ़तियों का कहना है कि मंडी में सब्जियों की बिक्री के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। इससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतें आ रही हैं। प्रदर्शनकारी आढ़तियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे इस समस्या को लेकर आवाज उठाते हैं तो उन्हें किसानों की ओर से धमकियां दी जाती हैं।
प्रशासन से लगाई जगह की गुहार
आढ़तियों ने प्रशासन से मांग की है कि सब्जी मंडी में जगह की समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि सब्जियों की खरीद-बिक्री सुचारू रूप से हो सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आढ़तियों को राहत कब मिलती है।
अन्य खबरें जानें –
Jantar Mantar Protest: प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, धारा 163 लागू, कई ट्रेनें रद्द



