यमुनानगर, 8अक्टूबर
देशभर में कांग्रेस के “वोट चोर, देश बचाओ” अभियान के तहत यमुनानगर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव की अगुवाई में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जगाधरी के जिम्मेदारा पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए। हाथों में बैनर और पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध जताया। इसके बाद जिम्मेदारा पेट्रोल पंप से लघु सचिवालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला।
लघु सचिवालय पर फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला
इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा जोश दिखाई दिया और उन्होंने वोटों में कथित गड़बड़ी के खिलाफ नारेबाजी की। लघु सचिवालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चुनाव से पहले मतदाता सूचियों में बड़े स्तर पर वोट काटे गए हैं।
हरियाणा में कटे 30 लाख लोगों के वोट
इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने दावा किया कि पूरे देश में करीब 13 करोड़ वोट काटे गए, जबकि हरियाणा में भी करीब 30 लाख वोट काटे जाने का आरोप लगाया। अमित यादव ने कहा कि चुनाव से पहले इस तरह के हथकंडे अपनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई।उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित होगी।
इसके साथ ही “वोट चोर, गद्दी छोड़ो” अभियान को पंचायत और ब्लॉक स्तर तक ले जाने की बात कही गई है। कांग्रेस का कहना है कि जिन लोगों के वोट कटे हैं, उन तक पहुंचकर इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा।
अन्य खबरें जानें-
Hisar की GJU में NSUI की नई कार्यकारिणी घोषित, जिला अध्यक्ष बोले- छात्रों की आवाज को बुलंद करेंगे



