चंडीगढ, 8 अक्टूबर
हरियाणा में मौसम ने गर्मी और उमस के बीच करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हरियाणा के कईं जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल रही है। मौसम विभाग ने भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 8 से 13 अक्टूबर तक बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने कईं जिलों में तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
पंचकूला, अंबाला समेत पांच जिलों में आज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के एक्टिव होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते कुछ दिनों तक राज्य में अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है।
सोनीपत, पानीपत समेत कईं जिलों में येलो अलर्ट
मौसम में बदलाव के कारण करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरूग्राम, फरीदाबाद, कुरूक्षेत्र सहित कईं जिलों में मौसम विभाग द्वारा येलो अलर्ट जारी किया जा सकता है। पश्चिमी हरियाणा जैसे कि हिसार, सिरसा, जींद, कैथल, भिवानी और रोहतक में मौसम साफ रहने की संभावना है।
पंचकूला में हुई ओलावृष्टि
मौसम में बदलाव देर रात मंगलवार को ही दिखाई देने लगा। पंचकूला और आसपास के इलाकों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि हुई। सोनीपत औऱ पानीपत में देर रात बारिश हुई। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। खेतों में काम करने वाले किसानों औऱ मजदूरों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है।
मंडियों में खुले में रखा धान भीगा
मौसम में बदलाव के साथ किसानों और मंडी व्यापारियों की चिंता बढ गई है। अनाज मंडियों में खुले में रखा किसानों का धान बारिश के कारण भीग गया। मंडियों में पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण किसानों को चिंता सताने लगी है। बारिश से फसल में नमी बढ़ने का खतरा किसानों को सताने लगा है।
बारिश के कारण राज्य में तापमान में गिरावट आई है। सुबह-शाम के समय तापमान में गिरावट देखने को मिली है।जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की मुश्किलें बढ़ गई है।
अन्य खबरें जानें-
Nana Patekar passes away: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस


