गुरूग्राम, 7 अक्टूबर
देश भर में निष्पक्ष चुनाव और वोटिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस और गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने गुरुग्राम के कमान सराय सिथित कांग्रेस ऑफिस में प्रेस वार्ता आयोजित कर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि आज पूरे देश में वोट चोरी का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा आज देश में वोट बचाओ, देश बचाओ का नारा गूंज रहा है।पंकज डावर ने कहा कि जिस तरीके से लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास भाजपा सरकार और उसके सहयोगी कर रहे हैं, वह चिंताजनक है। लोकतंत्र में जनता का सबसे बड़ा हथियार उसका वोट देने का अधिकार है और आज उसी अधिकार को छीनने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा-चुनाव आयोग के रिश्ते पर सवाल
गठबंधन के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की पुरजोर मांग की और वोट काटने की प्रक्रिया पर पूर्ण पारदर्शिता की मांग उठाई । ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की जनता भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त से सवाल पूछ रही है कि उनके बीच क्या रिश्ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक प्रसिद्ध धारावाहिक आता था यह रिश्ता क्या कहलाता है। आज पूरा देश पूछ रहा है कि भाजपा और चुनाव आयोग का यह रिश्ता क्या कहलाता है? यह रिश्ता वोट चोरी से सत्ता चोरी का रिश्ता है।
दिल्ली की सड़कों पर लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों को हिरासत में लेकर आकाशवाणी भवन में रखे जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।
8 को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ प्रदर्शन
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गठबंधन ने घोषणा की है कि आगामी 8 तारीख को वोट बचाओ, देश बचाओ के नारे के तहत एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शन कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर सदर बाजार मार्ग से गुजरते हुए आगे बढ़ेगा, जहाँ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा।
अन्य खबरें जानें-
Tarn Taran Firing : ਪੁਰਾਣੀ ਰੰਜਿਸ਼ ਕਾਰਨ ਦੋ ਨੌਜਵਾਨਾਂ ਦਾ ਗੋਲੀਆਂ ਮਾਰ ਕੇ ਕਤਲ


