लुधियाना, 18 सितंबर
लुधियाना के चीमा चौक और सोफिया चौक के बीच पुलिस चौकी जनकपुरी के नजदीक स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। आग लगते देख कार सवार युवक आशु ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में कार जलकर पूरी तरह राख हो गई।
कार के बोनट से उठी आग की लपटें
कार सवार युवक आशु हरगोविंद नगर का रहने वाला है और किसी जरूरी काम से चीमा चौक की तरफ से आ रहा था। जनकपुरी पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही अचानक कार के बोनट से आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआत में आग कम थी, लेकिन कुछ ही पलों में इसने भीषण रूप धारण कर लिया।
राहगीरों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने की मदद
आशु ने तुरंत कार से बाहर निकलकर शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी। राहगीरों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने बुझाने की कोशिश की। घटना के बाद एक ऑटो सवार ने अपनी गाड़ी में रखे फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद पास की एक फैक्ट्री से 3-4 अग्निशमन यंत्र लाकर भी आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई।
देरी से आई दमकल की गाड़ियां
लोगों ने आग लगने की सूचाना तुरंत पुलिस को दी। जनकपुरी पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को जानकारी दी। आशु का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार से निकलते समय गिरा मोबाइल किसी ने उठा लिया
आशु ने बताया कि आग लगने के बाद जैसे ही वह कार से बाहर निकला, उसका मोबाइल फोन गाड़ी के पास ही गिर गया। बाद में किसी व्यक्ति ने उसका मोबाइल उठा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
अन्य खबरें जानें –+



