रेवाड़ी, 8 सितंबर
रेवाड़ी के भाड़ावास रोड पर HPCL प्लांट के पास सोमवार शाम 40 वर्षीय जितेंद्र यादव की रॉड मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मृतक के चाचा उत्तम सिंह भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं।
परिजनों ने जितेंद्र के बचपन के दोस्त और कंस्ट्रक्शन ठेकेदार प्रवीण सहित दो अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक ब्लैक थार सुनसान सड़क पर आकर रुकती है। कुछ देर बाद जितेंद्र थार से उतरकर सड़क किनारे टॉयलेट करने जाता है।
इसी दौरान प्रवीण और उसका एक साथी गाड़ी से उतरते हैं। प्रवीण आसपास देखने के बाद जितेंद्र के पीछे पहुंचता है और दोनों हाथों से रॉड पकड़कर उसके सिर पर वार कर देता है। जितेंद्र के जमीन पर गिरने के बाद भी उस पर कई बार रॉड से हमला किया जाता है। इसके बाद आरोपी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो जाते हैं।
गांव कमालपुर निवासी उत्तम सिंह ने बताया कि जितेंद्र खेती-बाड़ी करता था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह बाइक से डेयरी के लिए निकला था। शाम को उसे गांव के बस अड्डे पर भी देखा गया था। बाद में सरपंच ने फोन कर बताया कि जितेंद्र को किसी ने गोली मार दी है।
मौके पर पहुंचने पर जितेंद्र जमीन पर पड़ा मिला और उसके सिर पर चोट के निशान थे। परिजनों के अनुसार जितेंद्र और प्रवीण बचपन के दोस्त थे और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। परिवार को दोनों के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर परिवार भी हैरान है।
परिजनों ने बताया कि जितेंद्र करीब पांच साल विदेश में रहा था। करीब तीन साल पहले पिता की मौत के बाद वह वापस गांव आ गया था और इसके बाद खेती-बाड़ी करने लगा। जितेंद्र के परिवार में करीब 18 साल का बेटा और 15-16 साल की बेटी है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर प्रवीण को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अन्य खबरें जानें –



