फरीदाबाद, 7 सितंबर
फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार जारी है। सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
इसी दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर स्वयं सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगें मंत्री के सामने रखीं और जल्द समाधान कराने की मांग की। कृष्णपाल गुर्जर ने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी भी हमारे ही बीच से हैं और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को जल्द सरकार के सामने रखा जाएगा और उन्हें पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री के आश्वासन के बाद कर्मचारियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों का जल्द समाधान हो सकता है। हालांकि, कर्मचारियों का आंदोलन और हड़ताल कब समाप्त होगी, यह सरकार के स्तर पर होने वाली आगामी बातचीत के बाद ही स्पष्ट होगा।
अन्य खबरें जानें



