पलवल में अवैध शराब से भरी तेज रफ्तार वैगनआर कार मिली लावारिस , 35 शराब की पेटियां बरामद, चालक फरार

पलवल, 2 सितंबर फरीदाबाद-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलवल के खटेला गांव के निकट अवैध शराब से भरी एक तेज रफ्तार वैगनआर गाड़ी का भीषण सड़क…

पलवल

पलवल, 2 सितंबर

फरीदाबाद-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलवल के खटेला गांव के निकट अवैध शराब से भरी एक तेज रफ्तार वैगनआर गाड़ी का भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा और टायर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसा नेशनल हाईवे पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी इस सफेद रंग की वैगनआर गाड़ी को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे में गाड़ी का अगला टायर फट चुका था और गाड़ी चलने की स्थिति में बिल्कुल नहीं थी।

सूचना मिलते ही मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब लावारिस हालत में खड़ी गाड़ी की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें से 35 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। तस्कर पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का सहारा ले रहे थे। गाड़ी पर फरीदाबाद की नंबर प्लेट लगी थी, लेकिन जांच के दौरान जब  इंजन नंबर मिलाया गया तो नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि गाड़ी मूल रूप से उत्तर प्रदेश की है।

अंदेशा जताया जा रहा है कि अवैध शराब की यह बड़ी खेप यूपी या बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। हादसे के तुरंत बाद तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ने के डर से गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद भड़ाना के मुताबिक गाड़ी और अवैध शराब कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फर्जीवाड़े और शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को खंगालने के साथ-साथ पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य खबरें जानें –

पंचकूला के अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, केमिकल धमाकों से मची अफरा-तफरी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *