भिवानी में सफाई कर्मियों की 26वें दिन भी हड़ताल जारी ,निकाला मशाल जुलूस, शहर में लगे जगह-जगह कूड़े के ढेर

भिवानी , 1 सितंबर भिवानी में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। हड़ताल के 26वें दिन कर्मचारियों ने…

भिवानी

भिवानी , 1 सितंबर

भिवानी में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। हड़ताल के 26वें दिन कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए मशाल जुलूस निकाला। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार 13 मई को हुए समझौते को लागू करने से पीछे हटती नजर आ रही है, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के नेता पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार से पहले समझौता हुआ था, लेकिन अब सरकार उस समझौते को लागू नहीं कर रही। इसी के विरोध में पूरे हरियाणा में मशाल जुलूस निकाला गया है।उन्होंने सरकार से मुख्यमंत्री के स्तर पर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।नेता का कहना है कि प्रदेश में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। ऐसे में सरकार को कूड़ा उठाने के लिए पुलिस बल लगाने के बजाय कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने पर जोर देना चाहिए।

पुरुषोत्तम दानव ने पुलिस प्रशासन पर भी कर्मचारियों के खिलाफ दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान महिला कर्मचारियों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने सरकार से समय रहते 13 मई के समझौते को लागू करने की मांग की।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि संगठनों का आंदोलन आने वाले दिनों में और व्यापक हो सकता है। उनके मुताबिक सर्व कर्मचारी संघ के फैसले के तहत बिजली विभाग समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी भी विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम करेंगे।

फिलहाल नगरपालिका और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल 26वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द बातचीत कर 13 मई के समझौते को लागू करने और उनकी मांगों का समाधान करने की मांग की है। अब देखना होगा कि सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच गतिरोध कब खत्म होता है।

अन्य खबरें जानें –         

भिवानी में पटवारी-कानूनगो की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, डिजिटल क्रॉप सर्वे ऐप का विरोध, जनता के काम ठप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *