लुधियाना, 28 अगस्त
भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व आज देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जेल में बंद अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंचीं। महिलाओं की भारी भीड़ को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से पहले ही मुलाकात की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।जेल प्रशासन ने बहनों की सुविधा के लिए राखी बांधने की विशेष व्यवस्था की।
बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर बाहर निकलती कई बहनों की आंखों में भावुकता और आंसू साफ नजर आए। लंबे समय बाद भाई से मुलाकात और राखी बांधने का यह पल कई परिवारों के लिए बेहद भावुक रहा।
वहीं, जेल में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से टेंट और पीने के पानी की व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जेल के बंदी रक्षकों के साथ पुलिस कर्मचारियों की भी तैनाती की गई, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो।
रक्षाबंधन के इस मौके पर जेल परिसर में भावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके बेहतर भविष्य और सलामती की कामना की।
अन्य खबरें जानें –



