पटियाला, 28 अगस्त
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पटियाला केंद्रीय जेल में भी भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। इस दौरान जेल प्रशासन की ओर से जेल में बंद कैदियों और बंदियों की बहनों व माताओं के लिए विशेष मुलाकात का प्रबंध किया गया।
पटियाला केंद्रीय जेल के सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल ने बताया कि सामान्य मुलाकात के दौरान राखी बांधना संभव नहीं होता, इसलिए रक्षाबंधन के मद्देनजर विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। जेल परिसर में राखी बांधने के साथ-साथ मिठाई का भी प्रबंध किया गया है।उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि बहनें अपने भाइयों को राखी बांधकर संतुष्ट होकर वापस जाएं।
जेल प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी बहन राखी के इस पवित्र त्योहार पर बिना मुलाकात के वापस न लौटे।सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल के मुताबिक, इस बार करीब 500 से 600 राखियां जेल में बांधे जाने की उम्मीद है। जिन कैदियों की बहनें जेल के बाहर हैं, उनके लिए मुलाकात की व्यवस्था की गई है, वहीं जिन बंदियों की बहनें जेल के अंदर हैं, उनके भाइयों के लिए भी राखी बांधने का प्रबंध किया गया है।उन्होंने बताया कि विशेष मुलाकात का सिलसिला सुबह 8 बजे से शुरू किया गया है और शाम करीब 6 बजे तक जारी रहने की उम्मीद है।
यदि कोई परिजन देरी से पहुंचता है, तो उसके लिए भी जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर आज किसी भी पात्र व्यक्ति को मुलाकात से वंचित नहीं किया जाएगा। सरकार की ओर से भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में जेल प्रशासन द्वारा भी विशेष मुलाकात का आयोजन कर भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक जुड़ाव को बनाए रखने का प्रयास किया गया है।
अन्य खबरें जानें –
ਕਿਸਾਨਾਂ ਦੀ ਕਾਤਲ ਭਾਜਪਾ ਨਾਲ ਹੱਥ ਮਿਲਾਉਣ ਲਈ ਤਰਲੋਮੱਛੀ ਹੋਇਆ ਅਕਾਲੀ ਦਲ-ਭਗਵੰਤ ਸਿੰਘ ਮਾਨ



