भिवानी, 22 अगस्त
भिवानी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक यानी DRM ने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। DRM ने कहा कि भिवानी उनके मंडल का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है और यहां यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं।
DRM के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भिवानी रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे अधिकांश कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। इसके साथ ही स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार यानी सेकंड एंट्री और रेलवे लाइन की डबलिंग का कार्य भी किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म और सेकंड एंट्री से जुड़े आगामी कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। DRM ने बताया कि सेकंड एंट्री से संबंधित कार्य शुरू किए जा रहे हैं और इनके करीब आठ से दस महीनों के भीतर पूरा होने की संभावना है। डबलिंग के कार्य के साथ प्लेटफॉर्म और अन्य यात्री सुविधाओं में भी विस्तार किया जाएगा।
DRM ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कोई बड़ी कमी सामने नहीं आई है, लेकिन सफाई व्यवस्था और सर्विस क्वालिटी को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।वहीं भिवानी से ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर DRM ने कहा कि यात्रियों की मांगों की जानकारी रेलवे के संज्ञान में है। भिवानी के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य पहले से पाइपलाइन में हैं।
डबलिंग का बड़ा प्रोजेक्ट पूरा होने से यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि भविष्य में यात्रियों की जरूरत और तकनीकी संभावनाओं को देखते हुए ट्रेनों के ठहराव और अन्य यात्री सुविधाओं को बढ़ाने पर समय-समय पर विचार किया जाएगा। जो भी संभावनाएं व्यवहारिक रूप से संभव होंगी, उन पर आगे अमल किया जाएगा।
भिवानी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना, सेकंड एंट्री और डबलिंग जैसे विकास कार्यों से आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
अन्य खबरें जानें –
सिरसा में सफाई कर्मचारियों व पुलिस के बीच हुई धक्का मुक्की, 40 सफाई कर्मचारी पुलिस हिरासत में

