यमुनानगर, 21 अगस्त
यमुनानगर में अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर नीरज गोयत की नई बॉक्सिंग अकादमी का उद्घाटन करने पहुंचे हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश की खेल नीति की जमकर तारीफ की। अकादमी के उद्घाटन के दौरान खेल मंत्री ने हरियाणा की खेल प्रतिभाओं और प्रदेश की खेल नीति को लेकर बड़ा दावा किया।
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा में हमने 2 हजार से ज्यादा खेल नर्सरियां खोली हैं। इन खेल नर्सरियों में 50 हजार से ज्यादा युवा लगातार प्रैक्टिस कर रहे हैं।खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति ऐसी है, जिसे आज देश के दूसरे राज्य भी कॉपी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और प्रदेश के खिलाड़ियों के साहस की बदौलत आज हरियाणा देश का सिरमौर बना है।
गौरव गौतम ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में कहीं भी गेम्स होते हैं, तो हरियाणा के खिलाड़ी मेडल जीतने में सबसे आगे दिखाई देते हैं।वहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर नीरज गोयत की अकादमी के खुलने से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को बॉक्सिंग की बेहतर ट्रेनिंग और अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलने की उम्मीद है।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर देना है, ताकि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करते रहें।
अन्य खबरें जानें –

