चंड़ीगढ़,मोहाली, 21 अगस्त
कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वाहन पर आज पंजाब बंद है। पूरा पंजाब सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। पंजाब बंद का आह्वाहन सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई के लिए और जेल में बंद जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने व 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए किसानों को रिहाई के लिए किया गया है।
पंजाब बंद का असर अलग-अलग जिलों में देखने को मिल रहा है। कईं जगहों पर बाजार और स्कूलों को बंद किया गया है। जबकि कईं शहरों में बाजार खुले हुए हैं। लेकिन परिवहन सेवा प्रभावित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोटकपूरा में बाजार बंद
कोटकपूरा में पंजाब बंद का असर मिला-जुला देखने को मिला। शहर के बाजार बंद है, लेकिन सड़कों पर निजी वाहनों की आवाजाही जारी है। सरकारी बस सेवाएं प्रभावित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमृतसर में संगठनों ने बाजार करवाए बंद
अमृतसर में भंडारी पुल के पास सुबह विभिन्न सिख संगठन एक साथ एकत्रित हुए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग बाजारों के बंद के समर्थन में नारेबाजी की।शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात है।
लुधियाना में मिला-जुला असर
लुधियाना में भी बंद का असर मिला-जुला रहा। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित की, जबकि कुछ स्कूल और कॉलेज खुले रहे। घंटाघर, चौड़ा बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पठानकोट में बाजार बंद
पठानकोट में पंजाब बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। कुछ जगहों पर बाजार बंद रहे ,तो कहीं बाजार खुले रहे। सड़को पर आम दिनों के तरह लोगों की सड़कों पर आवाजाही देखने को मिली, लेकिन बस सेवा प्रभावित होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहाली में हाईवे बंद
मोहाली में खरड़-चंडीगढ़ हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। खरड़ फ्लाईओवर के पास देसूमाजरा जंक्शन को बंद किया गया। पुलिस ने मोहाली और चंडीगढ़ के प्रमुख बॉर्डर प्वाइंटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है।
मोहाली पुलिस ने 1000 से अधिक जवानों की तैनाती की है। प्रदर्शन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ड्रोन से निगरानी तथा प्रदर्शन की वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
क्या खुला रहेगा और क्या बंद?
पजांब बंद के दौरान कई बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और निजी शिक्षण संस्थान प्रभावित हुए हैं। कुछ स्थानों पर सरकारी स्कूल भी खुले रहे, जबकि कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित की है।
अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर और जरूरी आपात सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। शादी समारोह, अंतिम संस्कार और एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को भी आवाजाही की छूट देने की बात कही गई है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रदर्शन वाले मार्गों से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

