फरीदाबाद, 19 अगस्त
फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना ने 6 लोगों की गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गैंग ने पहले एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी को चोरी किया और उसके बाद गाड़ी का नंबर बदलकर रात को छांयसा गांव में SBI बैंक का ATM उखाड़ लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45), निवासी गांव धौज के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त को आरोपियों ने सेक्टर-16 से फॉर्च्यूनर चोरी की थी। आरोपियों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप की मदद से उसे स्टार्ट किया और चोरी कर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया था।
इसके अगले ही दिन 13 अगस्त की रात आरोपियों ने चोरीशुदा फॉर्च्यूनर से छांयसा रोड स्थित SBI के ATM को निशाना बनाया। आरोपियों ने ATM को बेल्ट की मदद से फॉर्च्यूनर से बांधा और गाड़ी से खींचकर ATM को उखाड़ लिया। इसके बाद ATM को गाड़ी की डिग्गी में रखकर ले गए। आरोपियों ने ATM में लगे इन्वर्टर, बैटरी और CCTV कैमरे भी उखाड़ लिए थे।
इस मामले में थाना छांयसा में केस दर्ज किया गया था।दोनों वारदातों के बाद क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना और भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को धौज थाना क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा फॉर्च्यूनर बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
अन्य खबरें जानें-

