यमुनानगर, 17 अगस्त
यमुनानगर में वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् के सम्मान और राष्ट्रभावना से जुड़े प्रतीकों की गरिमा बनाए रखने की मांग उठाई।
यमुनानगर में भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे। मेयर कार्यालय से नेहरू पार्क तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की और “वंदे मातरम् का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए।प्रदर्शन में यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय में वंदे मातरम् के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रगीत देश की आजादी की लड़ाई और राष्ट्रीय भावना से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इसके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भाजपा की मांग है कि कांग्रेस भविष्य में वंदे मातरम् का पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ आदर करे।वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका विरोध राजनीतिक विचारधारा से नहीं, बल्कि राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर है।
अन्य खबरें जानें –



