कुरूक्षेत्र, 11 अगस्त
कुरूक्षेत्र के श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में अरुणाय में श्रावण मास की त्रयोदशी पर मेला आज लगेगा। मंदिर के महंत विश्वनाथ गिरी ने बताया कि 10 और 11 अगस्त को 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि कांवड़ियों द्वारा 10 अगस्त की रात्रि 12 बजे से जल चढ़ाना शुरू किया जा चुका है। सोमवार को भी पूरा दिन श्रद्धालुओं की भीड़ रही। एक लाख से अधिक भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। देर रात्रि महाकाल उज्जैन की तर्ज पर भोलेनाथ का भस्माभिषेक किया गया।
मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि 11 अगस्त को पूरा दिन और पूरी रात जलाभिषेक होगा। उन्होंने बताया कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश हरिद्वार से गंगाजल नहीं ला पाए। उनके लिए यहीं पर 35 हजार लीटर गंगाजल की व्यवस्था की गई है।
श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी के सानिध्य में स्थापित की गई व्यवस्था के अनुसार इस बार सभी श्रद्धालु गंगाजल से भोले बाबा का अभिषेक करेंगे। सेवादल के सदस्य 35 हजार लीटर के टैंक से गंगाजल लेकर इसे दूध और पंचामृत मिलाकर लोटे में भरकर श्रद्धालुओं को लाइनों में ही उपलब्ध कराएंगे।
मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि इस बार पहली बार संगमेश्वर मंदिर महिला सेवादल का 32 महिलाओं का जत्था भी लाइनों में व्यवस्था बनाए रखने पर ड्यूटी देगा। श्रावण मेले में पहली बार इन महिलाओं की ड्यूटी होगी। जो पीले रंग की ड्रेस में नजर आएंगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है।
एक बार की शिफ्ट में 3 हजार से अधिक श्रद्धालु लंगर भवन में बैठकर भोजन कर सकते हैं। मंदिर की ओर से भांप से तैयार भोजन के साथ साथ यहां रोटियां बनाने की ऑटोमेटिक मशीन भी स्थापित की गई है। जो कुछ ही समय में लगभग एक हजार रोटी पकाकर तैयार कर देती है।
मेला ग्राउंड में झूलों और पार्किंग की व्यवस्था भी श्रद्धालुओं के लिए की गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संगमेश्वर मंदिर सेवादल के 350 से अधिक वॉलिंटियर्स के साथ पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
अन्य खबरें जानें –


