दिल्ली, 11 अगस्त
देश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश लगातार जारी है।भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव, बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भोपाल में 24 घंटे में 7 इंच से ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले दो दिनों से बारिश लगातार जारी है।यहां 24 घंटे में 7 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते एक हजार से ज्यादा लोगों के घरों में पानी 5 फीट तक भर गया। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। जलभराव के कारण सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी आधी तक पानी में डूब गईं। कुछ इलाकों में सांपों के घरों में घुसने की भी सूचना है।
UP में 10 नदियां उफान पर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का चलते UP में 10 नदियां उफान पर है। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा नदी का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है। राज्य के 10 गांव बाढ़ क चपेट में हैं। वाराणसी में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। सभी 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते भी पानी में डूब गए हैं।
राजस्थान में ऑरेंज और येलो अलर्ट
राजस्थान में भी मानसून का असर जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।भारी बारिश के बाद कालीसिंध और छापी बांधों के गेट खोल दिए गए, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
चमोली में बादल फटा, चंपावत में लैंडस्लाइड
उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी में सोमवार शाम बादल फटने के बाद तमक नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव के साथ आए मलबे की चपेट में आने से एक वैली ब्रिज बह गया।
उत्तराखंड के चंपावत में भी लैंडस्लाइड के कारण लोहाघाट-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे बंद हो गया। बाराकोट के बागधारा के पास सोमवार शाम करीब 5 बजे पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा, जिसके बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया।
हिमाचल में लैंडस्लाइड
हिमाचल प्रदेश में भी लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कुल्लू में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एहतियात के तौर पर स्कूल बंद किए गए हैं। बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मलबा आने से मंडी-कुल्लू हाईवे प्रभावित हुआ है।
मुंबई और ठाणे में भी भारी बारिश
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और वसई-विरार में भी भारी बारिश हो रही है। ठाणे में कई झीलों के ओवरफ्लो होने की स्थिति बनी हुई है। सड़को पर पानी भर गया है जिससे लोगों को आवाजही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश
IMD ने 11 और 12 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में भी एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है, जिसके आगे बढ़ने पर पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी बारिश का अलर्ट
पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में मंगलवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में मानसूनी हवाओं की सक्रियता में आज से कुछ कमी आने की संभावना है, हालांकि उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश हो सकती है।
बिहार में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के 5 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जबकि बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
अन्य खबरें जानें –
ਆਜ਼ਾਦੀ ਦਿਹਾੜੇ ਮੱਦੇਨਜ਼ਰ ਡੀਜੀਪੀ ਪੰਜਾਬ ਵੱਲੋਂ ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਪੁਲਿਸ ਮੁਖੀਆਂ ਨੂੰ ਗਸ਼ਤ ਅਤੇ ਨਿਗਰਾਨੀ ਵਧਾਉਣ ਦੇ ਨਿਰਦੇਸ਼


