यमुनानगर , 8 अगस्त
कांवड़ यात्रा को देखते हुए यमुनानगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। SP कमलदीप गोयल ने कलानौर बॉर्डर पर पहुंचकर कांवड़ियों की आवाजाही और पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पुलिस द्वारा चिह्नित किए गए रास्ते और स्थानों पर ही चलें और सड़क पर निर्धारित दिशा में ही आगे बढ़ें।
SP ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर यमुनानगर जिले में करीब 800 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सड़क के एक तरफ से श्रद्धालुओं के चलने की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों और कांवड़ियों के बीच टकराव की स्थिति न बने।
यमुनानगर से हर साल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग जिलों के लाखों श्रद्धालु होकर गुजरते हैं। ऐसे में पुलिस की कोशिश है कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो।
दो कांवड़ियों की मौत के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ने का दावा किया है। दरअसल, जींद के नरवाना के रहने वाले दो कांवड़िए हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने घर लौट रहे थे। यमुनानगर के धोड़ंग गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी थी। हादसा इतना गंभीर था कि एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से ही पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
SP ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे पुलिस का सहयोग करें और निर्धारित मार्ग पर ही चलें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके।
अन्य खबरें जानें-

