दिल्ली, 8 अगस्त
जम्मू-कश्मीर से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है। कईँ राज्यों में नदियाँ उफान पर हैं,जबकि पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड होने के कारण सड़के बंद हैं।मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा फिर स्थगित
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। भगवती नगर बेस कैंप से श्रद्धालुओं के नए जत्थे को कश्मीर के लिए रवाना नहीं किया गया। प्रशासन जम्मू-श्रीनगर हाईवे और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
दिल्ली में जलभराव, कई सड़कें बनीं तालाब
राजधानी दिल्ली में लगातार तेज बारिश के चलते कईं जगहों पर पानी भर गया। दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे पर कई जगह करीब चार फीट तक पानी भर गया। इससे वाहन बीच रास्ते में फंस गए और कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
बिहार में नदियां उफान पर
बिहार में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं।बगहा में गंडक नदी का पानी करीब 300 घरों में घुस गया है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
यूपी में गंगा और सरयू का बढ़ा जलस्तर
उत्तर प्रदेश में करीब 25 दिनों से जारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट डूब गए हैं और 84 घाटों का संपर्क टूट गया है। कई छोटे मंदिरों में भी पानी घुस गया है। गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है ।पिछले दो दिनों में आठ घर नदी में समा चुके हैं। 10 से अधिक गांवों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। वहीं, बलिया में सरयू नदी की कटान से अब तक 27 घर नदी में समा चुके हैं।आगरा में भारी बारिश के बीच सड़क धंसने से करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे इलाके में खतरा बढ़ गया है।
हिमाचल में 162 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश हुई। लगातार बारिश से ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। चंडीगढ़-मनाली और मंडी-पठानकोट हाईवे समेत राज्य की 162 सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश के पन्ना, सतना और रीवा में शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान और झारखंड में भी बारिश का दौर
राजस्थान के 30 जिलों में शनिवार को तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। सीकर और झुंझुनूं में भारी बारिश की चेतावनी है। भरतपुर में बारिश के चलते शनिवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड के चार जिलों में शनिवार को भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की घटनाओं के खतरे को देखते हुए चारधाम और गंगोत्री क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
अन्य खबरें जानें-
चंबा में दर्दनाक बस हादसा, बेकाबू होकर दूसरी सड़क पर गिरी बस, 7 लोगों की मौत और 15 लोग घायल

