लाहौल-स्पीति, 3 अगस्त
लाहौल-स्पीति के जिस्पा में आयोजित दो दिवसीय लाहौल फेस्टिवल का समापन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के बीच हुआ। फेस्टिवल के दूसरे और अंतिम दिन परम पूज्य छौगन रिंपोछे के सान्निध्य में पावन ‘छेवांग छिटुव वांग‘ धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लेकर रिंपोछे से आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं, लाहौल इको टूरिज्म सोसाइटी द्वारा आयोजित समापन समारोह में पूर्व विधायक रवि ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।जिस्पा में आयोजित पावन ‘छेवांग छिटुव वांग‘ धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। परम पूज्य छौगन रिंपोछे के सान्निध्य में आयोजित इस अनुष्ठान में लाहौल-स्पीति सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की तथा रिंपोछे से आशीर्वाद प्राप्त किया।
फेस्टिवल के दौरान स्थानीय कलाकारों ने लाहौली लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
‘छेवांग छिटुव वांग‘ धार्मिक अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लाहौल की समृद्ध लोक परंपरा को जीवंत कर दिया।
अन्य खबरें जानें –



