NUH में साधु-संतों की अगुवाई में शुरू होगी ब्रज मंडल जलाभिषेक शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

 नूंह, 3 अगस्त नूंह में सावन के पहले सोमवार को आयोजित होने वाली ब्रज मंडल जलाभिषेक शोभायात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।…

नूंह

 नूंह, 3 अगस्त

नूंह में सावन के पहले सोमवार को आयोजित होने वाली ब्रज मंडल जलाभिषेक शोभायात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा की शुरुआत साधु-संतों की अगुवाई में भगवान शिव का जलाभिषेक कर की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, इस बार यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

ब्रज मंडल जलाभिषेक शोभायात्रा के संयोजक नत्थूराम गुर्जर ने बताया कि यात्रा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है, जहां सभी 36 बिरादरी के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समाजों के लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।उन्होंने बताया कि यात्रा का निमंत्रण सभी वर्गों और राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को भेजा गया है।

आमंत्रित प्रमुख नेताओं में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, मंत्री राजेश नागर, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, होडल विधायक हरेंद्र सिंह, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला, सहित विभिन्न दलों के अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ी नहीं है, बल्कि यह धार्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए सभी को समान रूप से आमंत्रित किया गया है।

नत्थूराम गुर्जर ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को सुबह 11 बजे साधु-संतों की अगुवाई में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा, जिसके बाद शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा नूंह से प्रारंभ होकर फिरोजपुर झिरका होते हुए पुनहाना क्षेत्र के सिंगार गांव में संपन्न होगी।उन्होंने कहा कि यात्रा में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से यात्रा में भाग लेने की अपील की है।

अन्य खबरें जानें –

20 जुलाई संसद मार्च हिंसा मामला, सुप्रीम कोर्ट में होगी आज सुनवाई, पैलेट गन और पुलिस बर्बरता पर आज होगी सुनवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *