फरीदाबाद, 2 अगस्त
फरीदाबाद पुलिस की DLF क्राइम ब्रांच ने गांव अनंगपुर में पेंटर सदाकत की गला रेतकर हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक सदाकत की महिला मित्र को गिरफ्तार किया है।पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी महिला ने पहले सदाकत को अपने किराए के कमरे पर बुलाया, उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी महिला कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गई। जांच में सामने आया कि दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। महिला अपने पति से अलग रह रही थी और सदाकत पर शादी का दबाव बना रही थी। सदाकत लगातार शादी से बचता रहा, जिससे नाराज होकर महिला ने हत्या की साजिश रची।
मृतक सदाकत (36) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रामपुर शाहपुर गांव का निवासी था और फरीदाबाद की ओमेक्स सोसाइटी में पेंटर का काम करता था। वहीं आरोपी महिला घरेलू काम (झाड़ू-पोंछा) करती थी, जहां दोनों की पहचान हुई थी।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या से करीब 15 दिन पहले अनंगपुर में कमरा किराए पर लिया था। 25 जुलाई को उसने वारदात को अंजाम दिया।
DLF क्राइम ब्रांच ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार, अन्य साक्ष्य और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।
अन्य खबरें जानें –


