कुलगाम, 1 अगस्त
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की नाम पूछकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस कायराना हमले में दोनों मजदूरों की मौत हो गई है।दोनों प्रवासी मजदूर ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के मुखौटा संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने गोली चलाने से पहले दोनों मजदूरों से उनके नाम पूछे थे।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे कुलगाम के केलम इलाके में हुआ। दोनों आंतकी ईंट-भट्ठे पर पहुंचे। वहां उन्होने काम कर रहे 24 साल के दीपक और 28 वर्षीय भूपेंद्र से पहले उनका नाम पूछा और फिर उन पर गोली चला दी।
हमले में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे GMC अनंतताग में इलाज के लिए भेजा गया,लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे श्रीनगर SKIMS अस्पताल में शिफ्ट किया गया। लेकिन सीने में गोली लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना दोनों मृतकों के परिवारों को दे दी गई है और परिजन कश्मीर के लिए रवाना हो चुके हैं।
हमले के बाद सुरक्षाबलों , पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फरार आतंकियों की तलाश के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है। माना जा रहा है कि आंतकियों का मुख्य मकसद इलाके में डर का माहौल पैदा करना है।
पिछले नौ से दस दिन के भीतर घाटी में यह दूसरी घटना है। इससे पहले अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की भी आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
अन्य खबरें जानें –

