यमुनानगर, 29 जुलाई
संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार और भाजपा संगठन पूरे प्रदेश में ‘सामाजिक समरसता कलश यात्रा‘ का आयोजन करेगा। इसकी जानकारी हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने यमुनानगर के जगाधरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘यमुना कमल‘ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि संत गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी (काशी) से पवित्र माटी हरियाणा लाई जाएगी। इस पावन माटी को सामाजिक समरसता कलश यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों, कस्बों और गांवों तक पहुंचाया जाएगा तथा विभिन्न मंदिरों में विधिवत स्थापित किया जाएगा, ताकि सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
हरियाणा का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल, जिसमें मंत्री, विधायक और अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी शामिल होंगे, वाराणसी से पवित्र कलश लेकर आएगा। इसके बाद गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में कलश की स्थापना की जाएगी।वहीं से पूरे प्रदेश में इसका वितरण किया जाएगा। कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इस आयोजन को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-अभियान का रूप दिया जाएगा। इसमें समाज के हर वर्ग, धर्म और जाति की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि संत रविदास जी के सामाजिक समरसता को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
इस यात्रा का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को संत रविदास जी की शिक्षाओं, समानता, सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के संदेश से जोड़ना है।
अन्य खबरें जानें –
श्री चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र में नहरी सिंचाई को मिली नई रफ्तार



