HANSI में अधूरे निर्माण कार्य लोगों के लिए बना मुसीबत, बरसात में कीचड बनी गली, लोगों ने प्रशासन और पार्षद के खिलाफ व्यक्त किया रोष

हांसी, 23 जुलाई हांसी शहर की लाल सड़क से माखीजा साइकिल वाली गली के निवासी पिछले करीब 10 महीनों से बदहाल गली और अधूरे निर्माण…

हांसी

हांसी, 23 जुलाई

हांसी शहर की लाल सड़क से माखीजा साइकिल वाली गली के निवासी पिछले करीब 10 महीनों से बदहाल गली और अधूरे निर्माण कार्य की वजह से नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद ने लगभग 10 महीने पहले गली को निर्माण कार्य के लिए तोड़ दिया था। उस समय उम्मीद थी कि कुछ ही दिनों में नई गली बनकर तैयार हो जाएगी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन समय बीतता गया और निर्माण कार्य अधूरा ही पड़ा रहा।

आज स्थिति यह है कि गली में रहने वाले लोगों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गुस्साए गली के वासियों ने पार्षद व नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए नगर परिषद और स्थानीय पार्षद के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों ने कहा कि कई बार शिकायत करने और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

गलीवासियों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण पूरी गली ऊबड़-खाबड़ हो चुकी है। बरसात होने पर गली में पानी भर जाता है और चारों तरफ कीचड़ फैल जाता है। ऐसे में पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसल जाते हैं, जबकि बुजुर्गों और बच्चों के लिए घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।

लोगों के अनुसार अब तक चार लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद ने निर्माण कार्य में तेजी नहीं दिखाई।प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि गली की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां रहना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय हमेशा गिरने का डर बना रहता है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कीचड़ और गंदगी के कारण बच्चों को स्कूल जाने और बुजुर्गों को अस्पताल या बाजार तक पहुंचने में भारी परेशानी होती है।

महिलाओं ने कहा कि वे यहां जीवन नहीं जी रही हैं, बल्कि किसी तरह दिन काटने को मजबूर हैं। गली की बदहाल स्थिति ने उनका सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाता तो आज उन्हें इस तरह सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती।

गली निवासियों ने प्रशासन से मांग की कि गली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि आखिर कब तक वे इस बदहाल सड़क पर चलने को मजबूर रहेंगे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे नगर परिषद कार्यालय का घेराव करने और बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 अन्य खबरें जानें-

KAITHAL में सांसद नवीन जिंदल ने अधिकारियों संग की बैठक, विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा,जिले के 25 स्टेडियमों का किया जाएगा आधुनिकीकरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *