दिल्ली ,23 जुलाई
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने देशभर में चल रहे स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता सलमान खान ने स्टूडेंट प्रोटेस्ट का सपोर्ट किया। सलमान खान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए छात्रों के समर्थन में लंबा पोस्ट एक्स पर साझा किया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन शुरुआत में पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में इसके हिंसक रूप लेने से उन्हें बेहद दुख हुआ। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। उन्होने आगे लिखा कि ये देखकर खुशी हुई कि हमारे देश के बच्चे बेहतर एजुकेशन सिस्टम के लिए एकसाथ आए हैं, ये देखकर अच्छा लगा है। इसी के साथ सलमान ने कहा कि उम्मीद करते हैं कि इंडिया एजुकेशनल हब बने।
सलमान खान ने अपने पोस्ट में लिखा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर समस्या है और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर देशभर के छात्रों का एकजुट होना सराहनीय है। उन्होंने छात्रों और उनके अभिभावकों की जागरूकता की तारीफ करते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी ईमानदारी और मेहनत के दम पर देश का भविष्य संवारना चाहती है।
आगे सलमान ने लिखा, ‘मैं उनके इस कदम की सच में सराहना करता हूं। स्टूडेंट ने ईमानदारी और कड़ी मेहनत करके अपने फ्यूचर बनाने और एक बेहतर, शिक्षित भारत के निर्माण के प्रति अपना उत्साह दिखाया है। ये आंदोलन ही सही तरीका है। स्टूडेंट्स ने इसे सही तरीके से किया। वो बहुत साहसी और बहादुर हैं। एजुकेशन के लिए मोटिवेटेड ये जेनरेशन भारत का नाम रोशन करेगी।’
शिक्षा का मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की मांगों पर सकारात्मक फैसला लेकर शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाएगी।सलमान खान के अलावा अनुपम खेर, इमरान खान, शबाना आजमी और प्रकाश राज समेत कई फिल्मी हस्तियों ने भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है।


