झज्जर, 17 जुलाई
हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा को मिली है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हरियाणा के विकास को नई गति देने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है।
राजेश नागर झज्जर के नेहरू कॉलेज में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोनीपत–जींद के बीच शुरू की गई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को विकास की अनेक सौगातें मिली हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश के लिए करीब 15 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणा और सौगात दी गई है, जिनसे आधारभूत ढांचे, परिवहन और अन्य क्षेत्रों में व्यापक विकास होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर हरियाणा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में मंत्री राजेश नागर एवं भाजपा नेताओं का इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से नेहरू कॉलेज पहुंचना भी आकर्षण का केंद्र रहा।इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित रेल सेवा भारत के परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति का प्रतीक है। इससे प्रदूषण कम होगा, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में देश की रेल व्यवस्था और अधिक आधुनिक एवं पर्यावरण के अनुकूल बनेगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का आभार जताया।
अन्य खबरें जानें –



