गुरुग्राम, 15 जुलाई
साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्थित DLF फेज-5 के अरावली जंगली क्षेत्र में 39 वर्षीय व्यक्ति की पत्थर से पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बंदी उरांव निवासी गुमला, झारखंड के रूप में हुई है, जो करीब एक महीने पहले ही काम की तलाश में गुरुग्राम आया था।
वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस, सीन-ऑफ-क्राइम, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीमों ने मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
इस अमानवीय वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को सेक्टर-53 थाना और सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच की संयुक्त पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राम 30 वर्ष, विनय 35 वर्ष और प्रकाश 26 वर्ष के रूप में हुई है। ये तीनों भी मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं और वर्तमान में गुरुग्राम के वजीराबाद इलाके में रहकर ऑटो व टैक्सी चलाने का काम करते हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी आरोपी राम की ही बताई जा रही है।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि 13-14 जुलाई की रात को वजीराबाद में एक दोस्त के बेटे की जन्मदिन पार्टी थी, जहां मृतक और तीनों आरोपी शामिल हुए थे। पार्टी के बाद बंदी उरांव ने अपने दोस्तों से गुरुग्राम शहर घुमाने को कहा, जिसके बाद वे कार में निकले। सफर के दौरान वजीराबाद ढाणी चौक के पास उनके बीच किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि तीनों आरोपी बंदी को जबरन अरावली की पहाड़ियों में ले गए, जहां पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि आगामी पूछताछ और बरामदगी की जा सके।
अन्य खबरें जानें –

