नूंह, 14 जुलाई
नूंह जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 14 जुलाई मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म जमा करने का अंतिम दिन है। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना फॉर्म संबंधित BLO को या ऑनलाइन माध्यम से जमा नहीं किया है, वे आज ही इसे जमा कर दें। डीसी ने बताया कि नूंह जिले में कुल 6,59,697 मतदाता हैं। इनमें से 5,82,372 मतदाताओं (88.28%) के फॉर्म एकत्र कर BLO ऐप पर डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं 9.74 प्रतिशत मतदाता ऐसे हैं, जो अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट श्रेणी (अनकलेक्टेबल) में पाए गए हैं। इस प्रकार दोपहर 12 बजे तक 98.02 प्रतिशत यानी 6,46,353 मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है। केवल करीब 2 प्रतिशत (13,344) मतदाताओं के फॉर्म अभी लंबित हैं, जिन्हें शाम तक अपडेट करने का लक्ष्य है।
अखिल पिलानी ने स्पष्ट किया कि 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में यदि किसी मतदाता का नाम नहीं आता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसका वोट कट गया है। ऐसे मतदाता संबंधित SDM (निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी) के पास क्लेम एवं ऑब्जेक्शन दाखिल कर अपना नाम शामिल करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर द्वारा नाम, उम्र या अन्य विवरणों में लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी मिलने पर करीब 20 प्रतिशत मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा सकते हैं। यह नोटिस केवल रिकॉर्ड में मौजूद त्रुटियों को दूर करने के लिए होंगे, इसका यह अर्थ नहीं है कि मतदाता का वोट अमान्य है।
संबंधित मतदाता आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना रिकॉर्ड सही करा सकते हैं।डीसी ने कहा कि सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद सितंबर में विशेष गहन पुनरीक्षण के उपरांत अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के निर्णय से संतुष्ट नहीं होता, तो वह जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में अपील भी कर सकता है।उन्होंने सभी मतदाताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और समय पर अपना फॉर्म जमा कर निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।
अन्य खबरें जानें –

