जींद 9 जुलाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद का तूफानी दौरा किया। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर मुख्यमंत्री ने जींद रेलवे जंक्शन और रैली स्थल एकलव्य स्टेडियम का बारीकी से निरीक्षण किया गया । मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात स्थानीय लोक निर्माण विश्रामगृह में अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के दौरे और हरियाणा को मिलने वाली सौगातों का ब्योरा साझा किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने कुरुक्षेत्र से गीता ज्ञान और पानीपत से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की तर्ज पर जींद के महत्व को लेकर सवाल किया, तो मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा, “जींद की यह भूमि ऐतिहासिक और पवित्र है, जो भगवान श्रीकृष्ण की 48 कोस की परिक्रमा के भीतर आती है। 17 जुलाई को प्रधानमंत्री जी यहाँ से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ऐसी ऐतिहासिक सौगात है जो न केवल देश बल्कि पूरे एशिया में अपनी तरह की पहली और बेमिसाल तकनीक है।” मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जब बटन दबाएंगे, तो हरियाणा को ऐसी बड़ी सौगातें मिलेंगी जिससे जनता का जीवन सरल, सुगम और स्वस्थ बनेगा।
मुख्यमंत्री ने रैली की सबसे बड़ी विशेषता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने के विजन को आगे बढ़ाते हुए जींद की यह रैली पूर्ण रूप से ‘इको-फ्रेंडली’ (पर्यावरण अनुकूल) होगी। रैली में आने वाले वाहनों में अधिकतम इलेक्ट्रिक व्हीकल होंगे या फिर सीएनजी वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। यहाँ तक कि रैली स्थल तक पहुँचने के लिए ई-रिक्शा और साइकिल का भी उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदूषण को न्यूनतम रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रदेश भर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा के अलग-अलग स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन्स लगाई जाएंगी, ताकि लगभग 2 से 2.5 लाख लोग अपने-अपने क्षेत्रों से ही सीधे प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक विजन और संबोधन से रूबरू हो सकें।रिहाइशी क्षेत्र में बायोगैस प्लांट के विरोध से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बायोगैस जैसे संसाधन देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जरूरी हैं। यमुनानगर में भी हाल ही में 90 करोड़ की लागत से बायोगैस प्लांट का शिलान्यास किया गया है। हालांकि, उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगर रिहाइशी इलाके के कारण कोई शिकायत या विषय सामने आया है, तो सरकार उसकी पूरी तरह से जांच करवाएगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए और केंद्र की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और तपस्या के कारण आज वैश्विक पटल पर भारत एक चमकते सितारे की तरह उभरा है। उन्होंने बुनियादी ढांचे का उदाहरण देते हुए कहा कि आज हरियाणा का कोई भी जिला ऐसा नहीं है जो फोर-लेन या ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (जैसे 152D) से न जुड़ा हो। एक्सप्रेसवे आज हरियाणा की रीढ़ की हड्डी बन चुके हैं।
अन्य खबरें जाने –




