फरीदकोट 6 जुलाई
फरीदकोट जिले के गांव पिपली में एक लड़की से मिलने गए फरीदकोट के युवक के हाथ-पैर बांध कर तेजधार हथियार से हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या का संभावित कारण प्रेम प्रसंग माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार फरीदकोट निवासी अर्शदीप सिंह पुत्र हरनेक सिंह गांव पिपली में एक लड़की से मिलने गया था। जहां उसे बांध कर तेजधार हथियारों से उसकी हत्या कर दी गई।
इस संबंध में मौके पर पहुंचे स्थानीय थाना सदर प्रभारी ने बताया कि फरीदकोट निवासी हरनेक सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पुत्र अर्शदीप सिंह पिपली गया था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। जिसके चलते पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि मृतक अर्शदीप सिंह को बांधा गया था तथा किसी तेजधार हथियार से गला काट कर उसकी हत्या की गई थी। उन्होने बताया कि अर्शदीप सिंह विवाहित है परंतु वह यहां हरप्रीत कौर नामक लड़की से मिलने आया था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हरप्रीत कौर ने उसे यहां बुलाया और फिर उसके पिता और भाई ने उसकी हत्या कर दी। लेकिन पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर पुलिस द्वारा जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया गया है वहीं खबर लिखे जाने तक फोरेंसिक टीम अपनी जांच कर रही थी।



