नूंह 6 जुलाई
नूंह के खंड मेवली के सिया महोल्ला में बनी फिरनी करीब 15 सालों से जर्जर हालत में हैं। मानसून के सीजन में यह रास्ता पूरी तरह से जलमग्न हो जाता है।जिससे आने-जाने वाले ग्रामीणों ,स्कूल जाने वाले बच्चों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिससे ग्रामीणों में बहुत रोष है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और राजनीतिक भेदभाव के कारण इस सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच ने भी सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन सड़क नहीं बनी। उनका आरोप है कि निर्माण के लिए आई राशि का भी सही उपयोग नहीं किया गया।
वहीं अब ग्रामीणों ने वर्तमान सरपंच पर भी सड़क निर्माण की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौजूदा सरपंच ने बजट का हवाला देते हुए फिलहाल निर्माण कार्य कराने से असमर्थता जताई है।ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में यह रास्ता तालाब का रूप ले लेता है। स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और किताबें भी खराब हो जाती हैं। इतना ही नहीं, यदि गांव में किसी व्यक्ति का निधन हो जाता है तो अंतिम यात्रा (जनाजा) निकालने के लिए भी लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते पर फिसलकर कई बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के कारण सिया मोहल्ला की लगातार अनदेखी की जा रही है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरपंच वहीद राजनीतिक कारणों से सिया मोहल्ला के लोगों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होता हुआ चाहिए।
इस संबंध में ग्राम सरपंच वहीद से फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल पंचायत के पास रास्ता निर्माण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं है। बजट की कमी के कारण फिरनी का निर्माण नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जैसे ही आवश्यक बजट उपलब्ध होगा, प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
अन्य खबरें जाने –


